22-Jan-2025 11:58 PM
3906
पुणे/भोपाल, 22 जनवरी (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल में 24 फरवरी को प्रारंभ होने वाले दो दिवसीय “ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट” में देश विदेश के प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि औद्योगिक गतिविधियों और निवेश के लिहाज से यह प्रदेश अपार संभावनाओं वाला है।
डॉ यादव ने महाराष्ट्र के पुणे में आज “इंटरेक्टिव सेशन” के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और निवेशकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भोपाल में 24 और 25 फरवरी को हाेने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मार्गदर्शन देंगे। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में “वर्ष-2025” को उद्योग एवं रोजगार वर्ष घोषित किया है। औद्योगिक विकास की गति को तेज कर प्रदेश को आर्थिक रूप से अधिक उन्नत और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से निवेश-अनुकूल नीतियों, उत्कृष्ट बुनियादी ढाँचे और कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश अपने प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थलों और विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे के साथ, निवेशकों के लिए एक आकर्षक केन्द्र के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी व्यापारिक राजधानी इंदौर ने स्वयं को स्वच्छता की राजधानी के रूप में भी स्थापित किया है। पीथमपुर और मंडीदीप प्रदेश ही नहीं, देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, खनन, फार्मा, पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में सुगम एवं आकर्षक नीतियां विकसित की गई हैं। राज्य के विभिन्न अंचलों में निवेश प्रोत्साहन के लिए देश के शहरों में जाकर उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ इंटरेक्टिव सेशन आयोजित किये गए हैं। पुणे का सत्र भी इसी क्रम की अगली कड़ी है। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर इंटरेक्टिव सेशन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योग जगत को श्रमिक समस्या सहित अन्य कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता। स्वयं के कार्य पर एकाग्रता के साथ ध्यान देना प्रदेशवासियों का विशिष्ट गुण है। ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ का विचार सरकार और समाज में रचा बसा है। सूचना प्रौद्योगिकी संसाधनों से प्रबंधन के वर्तमान दौर में मध्यप्रदेश में उद्योगों का संचालन अधिक सरल और सुगम हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की उपस्थिति में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से उद्योग समूहों और मध्यप्रदेश के संबंध अधिक प्रगाढ़ होंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उद्योगपतियों का देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान है। यदि सेना का जवान सीमा पर देश की रक्षा करता है तो उद्योगपति अपने कौशल प्रबंधन के आधार पर देश को समर्थ-समृद्ध और वैभवशाली बनाने में अपना योगदान देता है। उद्योग समूह रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का महाराष्ट्र से दिल का रिश्ता है। पुणे का मौसम मध्यप्रदेश से मिलता-जुलता है। मालवा के सभी देव स्थान महाराष्ट्र के साथ जुड़े हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छत्रपति शिवाजी, सिंधिया, होल्कर, पेशवा का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई ने सुशासन, शौर्य, कौशल संवर्धन के साथ ही धर्म के क्षेत्र में अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किए। पांच जिलों में विस्तारित उनका राज्य देश में सुशासन का आदर्श बना।
डॉ. यादव ने कहा कि हम “सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे संतु निरामय:” के भाव के अनुरूप अन्य प्रदेशों और देशों से आने वाले उद्योगों का स्वागत और सबके कल्याण एवं प्रगति की कामना करते हैं। यह सत्र प्रदेश के औद्योगिक भविष्य को आकार देने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे।
ब्रिज-स्टोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर हिरोशी योशिजाना ने भी अपने अनुभव और सुझाव साझा करते हुए कहा कि देश में मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति, प्रदेशवासियों का कौशल, कर्मठता और व्यवहार तथा शासन की सहयोगी कार्यप्रणाली प्रदेश को उद्योग अनुकूल बनाती है। पिनेकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड पीथमपुर के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक सुधीर मेहता ने मध्यप्रदेश में अपने व्यावसायिक अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यह प्रदेश निवेश के लिए एक आदर्श स्थान है। मध्यप्रदेश एक ऐसा राज्य है, जहां दुनिया के किसी भी हिस्से से आने वाले निवेशकों के लिए हर सुविधा उपलब्ध है।
औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग और एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह ने “एडवांटेज एमपी” और राज्य में निवेश के अवसरों पर प्रकाश डाला। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे ने आईटी, आईटीईएस और ईएसडीएम सेक्टर में निवेशकों को राज्य की नीतियों और परियोजनाओं पर प्रेजेंटेशन दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘पुणे रोड-शो’ के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में निवेश के लिये वन-टू-वन संवाद कर प्रदेश में निवेश के अवसर और संभावनाओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में औ़द्योगिक विकास के लिये दी जा रही सुविधाओं और सहज, सरल, उद्योग नीति की विशेषताओं से उद्योगपतियों को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से वन-टू-वन संवाद में श्री राकेश नवानी, जाइंट एमडी, जेटलाइन प्राइवेट लिमिटेड पुणे महाराष्ट्र ने गेमिंग स्टूडियो स्थापित करने एवं गेमिंग अधोसंरचना विकास, श्री रजनीकांत बेहरा कार्यकारी निदेशक आरएसबी ट्रांसमिशन (आई) लिमिटेड पुणे महाराष्ट्र विस्तारीकरण के अंतर्गत निवेश, श्री तरूण सिन्हा प्रेसिडेंट दीपक फर्टिलाइजर्स एंण्ड पेट्रोकेमिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड पुणे महाराष्ट्र ने प्रदेश में खनिज उत्पादन, औद्योगिक रसायन एवं उर्वरक उत्पादन में वृद्धि संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा हुयी। अन्य उद्याेगपतियों ने भी विभिन्न क्षेत्रों में राज्य में निवेश के संबंध में चर्चा की।...////...